पांडेश्वर में दोल उत्सव की धूम, MLA नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती होली के रंग में रंगे

पांडेश्वर :- पांडवेश्वर विधानसभा के दुर्गापुर फरीदपुर ब्लॉक में डोल उत्सव (होली) की भारी धूम देखने को मिली। विधायक नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती और क्षेत्र के विभिन्न क्लबों के संयुक्त तत्वावधान में इस रंगारंग उत्सव का भव्य आयोजन लाउदोहा फुटबॉल मैदान में किया गया। इस उत्सव की सबसे खास बात यह रही कि इसमें लगभग 150 छोटे-बड़े क्लबों ने सक्रिय रूप से भाग लिया, जिससे पूरा क्षेत्र उत्सव के माहौल में सराबोर हो गया।

कार्यक्रम की शुरुआत एक विशाल शोभायात्रा के साथ हुई, जो दुर्गापुर फरीदपुर थाने से शुरू होकर लाउदोहा ब्लॉक कार्यालय तक गई। इस शोभायात्रा में शामिल लोग अबीर-गुलाल और ढोल-नगाड़ों की थाप पर थिरकते नजर आए। विभिन्न क्लबों द्वारा निकाली गई झांकियों ने इस उत्सव को और भी आकर्षक बना दिया। इस अवसर पर विधायक नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर रंगों का आनंद लिया। उन्होंने कहा कि पांडवेश्वर की संस्कृति हमेशा से ही सबको साथ लेकर चलने की रही है। इसी परंपरा को निभाते हुए दुर्गापुर फरीदपुर ब्लॉक के सभी क्लबों के समन्वय से यह भव्य आयोजन किया गया है।


विधायक चक्रवर्ती ने आगे कहा कि आज के दिन सभी भाई, माताएं और बहनें नाच-गाने और विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से खुशियां मना रहे हैं। उन्होंने संदेश दिया कि डोल उत्सव के इस पावन अवसर पर सभी को राजनीतिक रंग और भेदभाव भुलाकर भाईचारे के रंग में मिल जाना चाहिए। उत्सव के दौरान स्थानीय कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिसने दर्शकों का मन मोह लिया। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद रहा ताकि उत्सव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

Post a Comment

0 Comments