आसनसोल में TMC नेता अपने समर्थकों के साथ AIMIM में हुए शामिल

आसनसोल :- पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की आहट के बीच राजनीतिक गलियारों में दलबदल का दौर शुरू हो गया है। इसी क्रम में आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस को एक बड़ा झटका लगा है। क्षेत्र के कद्दावर टीएमसी नेता मोहम्मद इरफान राइन ने सोमवार को अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) का दामन थाम लिया। रेलपार स्थित ओके रोड ऑटो स्टैंड के समीप आयोजित एक औपचारिक कार्यक्रम के दौरान यह राजनीतिक फेरबदल हुआ। पश्चिम बर्दवान जिला एआईएमआईएम कमेटी के अध्यक्ष दानिश अज़ीज़ ने मोहम्मद इरफान राइन और उनके साथियों का स्वागत किया और उन्हें पार्टी का झंडा सौंपकर एआईएमआईएम की सदस्यता दिलाई।

इस मौके पर पार्टी नेताओं ने विश्वास जताया कि नए सदस्यों के जुड़ने से संगठन की जमीनी पकड़ और अधिक मजबूत होगी। पार्टी का मुख्य लक्ष्य बैरिस्टर असदुद्दीन ओवैसी के नेतृत्व में आसनसोल उत्तर विधानसभा सीट पर एक बड़े अंतर से जीत दर्ज करना है। इस अवसर पर जिला महासचिव एजाज अहमद, आसनसोल उत्तर के ब्लॉक अध्यक्ष अरशद खान सहित पश्चिम बर्दवान जिला कमेटी के तमाम पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। दलबदल के इस घटनाक्रम के बाद इलाके में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है, जिसे आगामी चुनावों में एआईएमआईएम की बढ़ती ताकत के रूप में देखा जा रहा है।

Post a Comment

0 Comments