'परिवर्तन यात्रा' में पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने तुष्टीकरण और भ्रष्टाचार पर TMC पर बोला हमला

मथुरापुर (दक्षिण 24 परगना) :- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को दक्षिण 24 परगना के मथुरापुर में 'परिवर्तन यात्रा' के दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। शाह ने राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार और तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि बंगाल को धोखाधड़ी का स्वर्ग बना दिया गया है। उन्होंने शिक्षकों की भर्ती, नगर निगम और मनरेगा जैसे घोटालों का जिक्र करते हुए दावा किया कि ममता दीदी के शासन में गरीबों का पैसा लूटा गया है। शाह ने सीएए (CAA) के मुद्दे पर स्पष्ट किया कि हिंदू शरणार्थियों को नागरिकता मिलने से कोई नहीं रोक सकता और उन्हें चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। 


बजट आवंटन पर सवाल उठाते हुए गृह मंत्री ने कहा कि ममता सरकार विज्ञान और तकनीक के बजाय मदरसों पर भारी भरकम राशि खर्च कर रही है, जो विकास के बजाय तुष्टीकरण का एजेंडा है। उन्होंने बंगाल की आर्थिक स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि आज राज्य 8 लाख करोड़ रुपये के कर्ज में डूबा है। कम्युनिस्टों और टीएमसी के शासन ने समृद्ध बंगाल को गरीबी के गर्त में धकेल दिया है। शाह ने जनता से आह्वान किया कि 'सोनार बांग्ला' के सपने को साकार करने के लिए भाजपा को मौका दें, वरना भविष्य में यहां केवल 'भतीजे' (भाईपो) का शासन होगा।

Post a Comment

0 Comments