सिलीगुड़ी :- गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए एक विशेष मादक पदार्थ रोधी अभियान में न्यू जलपाईगुड़ी जीआरपी (GRP) और सिलीगुड़ी मुख्यालय की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) की टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। दोनों टीमों ने एक संयुक्त कार्रवाई के दौरान अप कंचनजंगा एक्सप्रेस के जनरल कोच में छापेमारी कर भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किया है। इस मामले में त्रिपुरा के दो निवासियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, खुफिया जानकारी के आधार पर न्यू जलपाईगुड़ी (NJP) रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर खड़ी अप कंचनजंगा एक्सप्रेस में तलाशी अभियान चलाया गया। जनरल बोगी में जांच के दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध यात्रियों को हिरासत में लिया। गिरफ्तार तस्करों की पहचान मोहम्मद सोसाज और नाहिमुद्दीन के रूप में हुई है, जो त्रिपुरा के रहने वाले हैं। पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक पूछताछ और सामान की सघन तलाशी के दौरान उनके पास मौजूद दो ट्रॉली बैग और दो पिट्ठू बैग के अंदर कार्टन में छिपाकर रखी गई 159 बोतलें कफ सिरप बरामद की गईं।
जांच में पुलिस को पता चला है कि आरोपी कोलकाता से कंचनजंगा एक्सप्रेस में सवार होकर कफ सिरप की इस खेप को त्रिपुरा ले जाने की फिराक में थे। जब्त किए गए कफ सिरप की अनुमानित बाजार कीमत काफी अधिक बताई जा रही है। जीआरपी ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) कानून की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस गिरफ्तार दोनों आरोपियों को शनिवार को जलपाईगुड़ी अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड की मांग करेगी, ताकि इस अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क के पीछे छिपे अन्य मुख्य सरगनाओं का सुराग लगाया जा सके।



0 Comments