Durgapur में TMC पार्टी ऑफिस में तोड़फोड़ के बाद जड़ा ताला, BJP पर लगा आरोप, MLA ने दिया करारा जवाब

दुर्गापुर (राम बाबू यादव) :- दुर्गापुर नगर निगम के 14 नंबर वार्ड के नतुन पल्ली इलाके में स्थित तृणमूल कांग्रेस के पार्टी कार्यालय में तोड़फोड़ किए जाने का मामला सामने आया है। तृणमूल कांग्रेस ने स्थानीय भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेतृत्व पर कार्यालय का ताला तोड़कर अंदर घुसने, व्यापक तोड़फोड़ करने और फिर अपना ताला लगाने का गंभीर आरोप लगाया है।

तृणमूल कांग्रेस का दावा है कि उपद्रवियों ने कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों को क्षतिग्रस्त कर दिया और अंदर रखे सामान को तोड़कर पास के नाले में फेंक दिया। तृणमूल के पूर्व युवा अध्यक्ष राजू सिंह ने कहा कि उन्होंने पार्टी कार्यालय को वापस पाने और कार्रवाई के लिए पुलिस प्रशासन के साथ-साथ स्थानीय भाजपा विधायक से भी अपील की है। घटना की जानकारी मिलते ही दुर्गापुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।



दूसरी ओर, भाजपा विधायक लक्षण चंद्र घोरुई ने इन आरोपों को खारिज करते हुए पलटवार किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजू सिंह के नेतृत्व में स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं को धमकी दी गई थी और उनसे जबरन तृणमूल कार्यालय की सफाई करवाई गई थी। विधायक का कहना है कि तृणमूल की इस दादागिरी के खिलाफ ही स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं के गुस्से का यह विस्फोट हुआ है। इस घटना के बाद से इलाके में राजनीतिक तनाव बढ़ गया है और पुलिस पूरे मामले की पड़ताल कर रही है।

Post a Comment

0 Comments