सिलीगुड़ी :- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दो दिवसीय उत्तर बंगाल दौरे के दूसरे दिन दार्जिलिंग क्षेत्र के विकास और क्षेत्रीय मुद्दों के स्थायी समाधान को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। सिलीगुड़ी के निकट सुकना स्थित एक रिसॉर्ट में हुई इस बैठक में गोरखा जनमुक्ति मोर्चा के शीर्ष नेताओं बिमल गुरुंग और रोशन गिरी के अलावा जीएनएलएफ के नेता मन घिसिंग और दार्जिलिंग के सांसद राजू बिष्ट भी मौजूद रहे। उत्तर बंगाल में राजनीतिक दृष्टिकोण से इस बैठक को बेहद निर्णायक माना जा रहा है।
बैठक के दौरान दार्जिलिंग, कालिम्पोंग और आसपास के पहाड़ी इलाकों में विकास, रोजगार, पर्यटन और गोरखा समुदाय से जुड़ी लंबे समय से लंबित मांगों पर विस्तार से चर्चा हुई। पहाड़ी क्षेत्र की समस्याओं का स्थायी समाधान निकालने के लिए एक विशेष ढांचा तैयार किया गया है, जिसके तहत एक स्थायी समिति का गठन किया गया। इस समिति की अध्यक्षता सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के पूर्व महानिदेशक और पूर्व आईपीएस अधिकारी पंकज कुमार सिंह करेंगे।
यह बैठक इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद पहली बार पहाड़ी मुद्दों पर इस स्तर की गंभीर त्रिपक्षीय बातचीत हुई है। हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनावों में भाजपा को पहाड़ी क्षेत्र की सभी छह सीटों पर बड़ी सफलता मिली थी, जिसमें बिमल गुरुंग और उनकी पार्टी का समर्थन अहम रहा था। बैठक संपन्न करने के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अपने दो दिवसीय दौरे को पूरा कर दिल्ली के लिए रवाना हो गए।



0 Comments