सिलीगुड़ी :- ट्रेन के जरिए पश्चिम बंगाल से बिहार में अवैध रूप से शराब की तस्करी करने के एक बड़े प्रयास को सिलीगुड़ी जंक्शन जीआरपी (GRP) की सादे लिबास में तैनात पुलिस टीम ने पूरी तरह नाकाम कर दिया है। जीआरपी ने सोमवार रात सिलीगुड़ी जंक्शन स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर त्वरित कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में बीयर के साथ दो तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान बिहार के कटिहार (जोराबगंज) निवासी विशाल कुमार (26) और राजगंज के फाटापुकुर निवासी गौतम राय (42) के रूप में हुई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सोमवार रात गुप्त सूचना मिली थी कि जंक्शन स्टेशन से ट्रेन के जरिए शराब की एक बड़ी खेप बिहार भेजी जाने वाली है। सूचना मिलते ही जीआरपी की सादे लिबास में मौजूद टीम ने प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर विशेष निगरानी शुरू कर दी। इस दौरान संदिग्ध अवस्था में घूम रहे दोनों आरोपियों को रोककर जब उनके ट्रॉली बैग और स्कूल बैग की तलाशी ली गई, तो उनके पास से कुल 60 बोतल बीयर बरामद हुई।
प्राथमिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे इस बीयर को ट्रेन के माध्यम से बिहार ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर सिलीगुड़ी अदालत में पेश कर दिया है। जीआरपी अब इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि शराब कहां से खरीदी गई थी और बिहार में इसे किसे डिलीवर किया जाना था, ताकि इस अवैध तस्करी नेटवर्क के मुख्य सरगना तक पहुंचा जा सके।


0 Comments