पांडवेश्वर में कोलियरी के भूमिगत खदान के अंदर 13 घंटे तक फंसे रहे 12 मजदूर सुरक्षित निकाले गए

पांडवेश्वर :- पांडवेश्वर के कुमारडीहि-ए कोलियरी के अंदर करीब 13 घंटे तक 12 श्रमिक फंसे रहे। सोमवार को ये सभी मजदूर पांडवेश्वर के कुमारडीहि खदान में उतरे थे, लेकिन यांत्रिक खराबी के कारण 150 फीट नीचे उनकी डोली अटक गई। जिसके चलते सोमवार शाम से मंगलवार सुबह तक वे खदान के अंदर ही फंसे रहे। फंसे हुए श्रमिकों में चार मजदूर काम खत्म कर नीचे से ऊपर आ रहे थे, जबकि आठ मजदूर नीचे काम कर रहे थे। रातभर कोशिश के बाद भी 12 मजदूरों को बाहर नहीं निकाला जा सका। सुबह रेस्क्यू अभियान में तेजी लाई गई और करीब 6 बजे सभी श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। खदान प्रबंधन का दावा है कि सभी 12 मजदूर स्वस्थ हैं, हालांकि जांच के लिए उन्हें स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है।



खदान के अंदर आने-जाने के लिए श्रमिक डोली का इस्तेमाल करते हैं। यांत्रिक गड़बड़ी के कारण वही डोली बीच रास्ते में अटक गई थी। फंसे हुए श्रमिकों की हालत को लेकर चिंता बढ़ गई थी। घटना की जानकारी मिलते ही पांडवेश्वर के भाजपा विधायक जितेंद्र तिवारी मौके पर पहुंचे। वे पूरी रात घटनास्थल पर मौजूद रहे और रेस्क्यू ऑपरेशन की मॉनिटरिंग करते रहे। विधायक जितेंद्र तिवारी ने ईसीएल प्रबंधन और पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर रेस्क्यू ऑपरेशन को सफलतापूर्वक पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसकी लापरवाही से यह घटना हुई, रेस्क्यू खत्म होने के बाद प्रबंधन इसकी जांच करेगा। उन्होंने बताया कि रात में ही फंसे हुए श्रमिकों के लिए खाना और पीने का पानी भेजा गया था और अंदर से श्रमिकों ने जवाब भी दिया था।


विधायक जितेंद्र तिवारी ने कहा कि पांडवेश्वर विधानसभा के अंतर्गत बांकोला एरिया के कुमारडीहि ए कोलियरी में लगभग 13 घंटे के अथक प्रयास के बाद फंसे हुए 12 ईसीएल कर्मियों को निकालने का अभियान सफल रहा है। इस अभियान में सहयोग के लिए आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट, ईसीएल प्रबंधन, पश्चिम बर्दवान जिला प्रशासन और स्थानीय युवाओं का उन्होंने आभार जताया है।

Post a Comment

0 Comments