मालदा :- पश्चिम बंगाल में एक बार फिर पुलिस पर हमले की घटना सामने आई है। इस बार मामला मालदा जिले के पुकुरिया थाना क्षेत्र का है, जहां हेलमेट के बिना बाइक चलाने पर बाइक रोकने से नाराज दो युवकों ने ट्रैफिक पुलिस के एएसआई पर हमला कर दिया। इस हमले में एएसआई गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस सूत्रों के अनुसार, पुकुरिया थाने के ट्रैफिक विभाग के एएसआई ड्यूटी पर तैनात थे। उसी दौरान बिना हेलमेट पहने बाइक चला रहे दो युवकों को उन्होंने रोका और ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर बाइक को जब्त करने की प्रक्रिया शुरू की। इसी बात को लेकर युवकों और पुलिस अधिकारी के बीच बहस हो गई। आरोप है कि बहस के दौरान दोनों युवकों ने अचानक एएसआई पर हमला कर दिया। उन्हें बुरी तरह पीटा गया, जिससे वह खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर घायल अधिकारी को बचाया और तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
घटना के बाद पुकुरिया थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार युवकों की पहचान मासिदुर रहमान और सफीकुल के रूप में हुई है। दोनों पुकुरिया थाना इलाके के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ सरकारी कर्मचारी पर हमला, ड्यूटी में बाधा डालने और मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज किया है। गुरुवार को दोनों को मालदा अदालत में पेश किया गया। पुलिस अधिकारी पर हमले की इस घटना के बाद जिले के पुलिस महकमे में आक्रोश है।




0 Comments