Asansol में अवैध संबंध के शक में युवक की पीट-पीटकर हत्या, 2 आरोपी गिरफ्तार

आसनसोल :- आसनसोल के सालानपुर थाना अंतर्गत रूपनारायणपुर फांड़ी के हिंदुस्तान केबल्स ओल्ड कॉलोनी में पराई महिला से प्रेम संबंध के शक में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। मृतक की पहचान अशोक कुमार सिंह उर्फ विक्की के रूप में हुई है। परिवार के अनुसार विक्की का परिवार दिल्ली में रहता है, उनकी पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं, लेकिन वह बीच-बीच में केबल्स स्थित क्वार्टर में आकर रहता था।

सूत्रों के अनुसार गुरुवार शाम विक्की पड़ोस में रहने वाले मंटू यादव के घर पहुंचा था। आरोप है कि विक्की का मंटू की पत्नी से लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। विक्की के घर आने की खबर मिलते ही मंटू काम से लौट आया, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और देखते ही देखते मामला मारपीट में बदल गया।



आरोप है कि मंटू यादव और उसके परिजनों ने मिलकर विक्की की बेरहमी से पिटाई कर दी। मृतक की बुआ ने आरोप लगाया कि प्रेम संबंध के विवाद में साजिश के तहत विक्की को घर बुलाकर बांधकर मारा गया। गंभीर रूप से घायल विक्की को पहले पिठाकेयारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत बिगड़ने पर उसे आसनसोल जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

सूचना मिलते ही रूपनारायणपुर फांड़ी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों सुरेंद्र यादव और दीपक यादव को गिरफ्तार किया है, जबकि मंटू यादव की पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को शुक्रवार को आसनसोल अदालत में पेश किया गया। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Post a Comment

0 Comments