कोलकाता :- Ex Minister Indraneil Sen Arrested पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री इंद्रनील सेन को कोलकाता पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सीजीओ कॉम्प्लेक्स में ईडी की पूछताछ से निकलते ही लालबाजार की डिटेक्टिव डिपार्टमेंट ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार पूजा के ई-पास मामले में उन्हें हिरासत में लिया गया है और पूछताछ के लिए लालबाजार ले जाया गया है। इंद्रनील सेन ममता सरकार में सूचना एवं संस्कृति मंत्री रह चुके हैं। आरोप है कि उनके कार्यकाल में बड़े पैमाने पर पास घोटाला हुआ था और इस वित्तीय अनियमितता से वह सीधे जुड़े हुए हैं। बुधवार को पूर्व मंत्री ईडी के समन पर सीजीओ कॉम्प्लेक्स में हाजिर हुए थे। वह अंदर पूछताछ में थे, तभी कोलकाता पुलिस की जासूसी शाखा के अधिकारी वहां पहुंच गए और बाहर इंतजार करने लगे। जैसे ही वह सीजीओ कॉम्प्लेक्स से बाहर निकले, अधिकारियों ने उन्हें पुलिस वैन में बैठा लिया।
मामला बऊबाजार थाने में दर्ज है। आरोप है कि यूनेस्को के नाम का इस्तेमाल कर ‘मास आर्ट’ नामक संस्था के जरिए दुर्गा पूजा के प्रीव्यू शो और वीआईपी पास बेचकर करोड़ों रुपये का गबन किया गया। इस मामले की जांच लालबाजार की जासूसी शाखा कर रही है। वहीं, पास बिक्री से जुड़े करोड़ों के वित्तीय घोटाले को लेकर ईडी ने पीएमएलए के तहत अलग से जांच शुरू की है। बुधवार को बऊबाजार थाने में दर्ज मामले में ही इंद्रनील को हिरासत में लिया गया है। उल्लेखनीय है कि 2022 से 2024 के बीच पूर्व मंत्री की संस्था ने एक लाख से ज्यादा प्रीव्यू कार्ड बेचे थे। बिक्री दोगुनी हो गई थी। इसके अलावा डोनर कार्ड भी भारी रकम में बेचे गए थे। करीब 60 करोड़ रुपये की यह रकम क्या वास्तव में किसी पूजा कमेटी के खाते में गई, इसे लेकर ईडी पहले ही इंद्रनील से पूछताछ कर चुकी है और उनके हुगली स्थित घर पर तलाशी भी ली गई थी।



0 Comments