दुर्गापुर :- रविवार को पानागढ़ बाइपास पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बुदबुद थाना क्षेत्र के सोंवाई मोड़ के पास 19 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर खड़ी कोयला लदी लॉरी के पीछे यात्री बस ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कम से कम 10 यात्री घायल हो गए, जिनमें एक की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार बस में करीब 50 यात्री सवार थे और वह बिहार से कोलकाता जा रही थी। रविवार तड़के पानागढ़ बाइपास से गुजरते समय सोंवाई मोड़ के पास चालक ने नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे खड़ी लॉरी में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर स्थानीय लोग दौड़े और बचाव कार्य शुरू किया, साथ ही बुदबुद थाने को सूचना दी। सूचना मिलते ही बुदबुद थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से निकालकर अस्पताल भेजा गया। हादसे के बाद 19 नंबर राजमार्ग की कोलकाता लेन पर लंबा जाम लग गया। बाद में क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस और लॉरी को हटाकर यातायात सामान्य किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि बस की रफ्तार बहुत तेज थी और लापरवाही के कारण हादसा हुआ। बुदबुद थाने की पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।




0 Comments