रानीगंज :- डीएवी कॉलेज मैनेजिंग कमेटी (डीसीएमसी), नई दिल्ली के निर्देशानुसार रानीगंज लायंस डीएवी पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को 'रन फॉर डीएवी-2026' (रन फॉर फन) मिनी मैराथन का आयोजन किया गया। 2 किलोमीटर लंबी इस दौड़ में कक्षा 6 से 11वीं तक के 300 से अधिक छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। सर्वप्रथम राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को उनकी जयंती पर श्रद्धा सुमन अर्पित किया गया। स्कूल की प्रिंसिपल समेत तमाम शिक्षक, छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों ने राष्ट्रपिता की तस्वीर पर माल्यार्पण श्रद्धांजलि अर्पित की। मिनी मैराथन की शुरुआत स्कूल परिसर से हुई, जो शिशु बागान नजरुल मंच होते हुए वापस स्कूल प्रांगण में आकर समाप्त हुई। रानीगंज लायंस डीएवी पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल मंदिरा दे ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ का शुभारंभ किया। पूरे आयोजन के दौरान विद्यार्थियों में जबरदस्त उत्साह देखा गया। कार्यक्रम ने खेल भावना और एकजुटता का एक सुंदर संदेश दिया।
इस अवसर पर प्रिंसिपल मंदिरा दे ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के उपलक्ष में रन फॉर 4 डीएवी 2026 का आयोजन किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों में शारीरिक फिटनेस, अनुशासन, टीम वर्क और एकता की भावना को बढ़ावा देना है। खेल और दौड़ न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि बच्चों के मानसिक विकास और विचार प्रक्रिया को भी नई दिशा देते हैं। 'रन फॉर डीएवी' के माध्यम से हम अपने युवाओं को एक सक्रिय और स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।




0 Comments