लौह पुरुष सरदार पटेल की जयंती पर पांडेश्वर में रन फॉर यूनिटी, MLA जितेंद्र तिवारी ने दिखाई हरी झंडी, 500 युवाओं ने लिया हिस्सा

पांडेश्वर (राम बाबू यादव) :- भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर पांडेश्वर विधानसभा क्षेत्र के हरिपुर कॉम्पिटिटिव लाइब्रेरी के तत्वावधान में ‘रन फॉर यूनिटी 2026’ का आयोजन किया गया। गाईघाटा से हरिपुर राम-सीता मंदिर तक आयोजित इस दौड़ में लगभग 500 छात्र-छात्राओं और युवाओं की स्वतःस्फूर्त भागीदारी ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया।


दौड़ का उद्घाटन पांडेश्वर विधानसभा क्षेत्र के विधायक जितेंद्र तिवारी ने फीता काटकर किया। इसके बाद उन्होंने हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगियों को रवाना किया। पूरे रास्ते राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश गूंजता रहा। दौड़ के समापन पर अव्वल स्थान प्राप्त करने वाले धावकों को पुरस्कृत किया गया। आयोजन के दौरान धावकों में भारी उत्साह देखने को मिला और स्थानीय लोगों ने भी सड़क किनारे खड़े होकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।


इस अवसर पर विधायक जितेंद्र तिवारी ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने हमें एकता और अखंडता का जो मार्ग दिखाया, वह आज भी प्रासंगिक है। इस तरह के आयोजन से नई पीढ़ी में देशभक्ति और एकजुटता की भावना मजबूत होती है। विविधता में एकता ही हमारे देश की सबसे बड़ी ताकत है, इस संदेश को हमें घर-घर तक पहुंचाना है। आयोजकों ने बताया कि युवाओं में राष्ट्रीय चेतना जगाने के उद्देश्य से इस तरह का आयोजन किया गया है।

Post a Comment

0 Comments