कुल्टी :- आसनसोल नगर निगम के अंतर्गत कुल्टी बोरो ऑफिस तक जाने वाली मुख्य सड़क का लंबे समय से बुरा हाल था, जिसे 'म्युनिसिपैलिटी रोड' के नाम से भी जाना जाता है। इस सड़क की खराब हालत के कारण स्थानीय निवासियों के साथ-साथ बरो ऑफिस आने वाले लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। आखिरकार, लोगों की लगातार मांग पर इस महत्वपूर्ण सड़क के नवीनीकरण कार्य का उद्घाटन कर दिया गया है।
आसनसोल नगर निगम की पहल पर यह सड़क नए सिरे से बनाई जा रही है। इस परियोजना पर लगभग ३३ लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। जानकारी के अनुसार, इस सड़क की लंबाई लगभग 335 मीटर है। यह सड़क केवल बरो ऑफिस तक ही नहीं जाती, बल्कि विष्णु विहार कॉलोनी, आस-पास के आवासीय क्षेत्रों और कई स्कूलों तक पहुँचने का मुख्य मार्ग भी है। सड़क के नवीनीकरण का काम शुरू होने से स्थानीय निवासियों और बरो ऑफिस आने वाले आम लोगों में खुशी का माहौल है। कुल्टी क्षेत्र के बरो चेयरमैन रवि लाल टूडू ने बताया कि लंबे समय से यह सड़क लोगों की मांग का विषय थी और इसे दुरुस्त कर पाना एक संतोषजनक कार्य है।
आसनसोल के मेयर द्वारा इस सड़क के लिए धनराशि मंजूर की गई थी और उन्हीं की पहल पर यह निर्माण कार्य हो रहा है। सड़क के उद्घाटन के अवसर पर एडीए के उपाध्यक्ष उज्ज्वल चट्टोपाध्याय, बरो चेयरमैन शताब्दी भंडारी, स्थानीय पार्षद जाकिर हुसैन, बादल पुईतंडी, संजय ननिया, सुशांत मंडल, उषा रजक, सुनीता बाउरी, तृणमूल के कुल्टी ब्लॉक 2 के अध्यक्ष कंचन राय, स्थानीय व्यवसायी गुरविंदर सिंह, तारू घाटी सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

0 Comments