CPIM ने पश्चिम बर्दवान जिले की 7 विधानसभा सीटों से उम्मीदवारों के नाम घोषित किए

रानीगंज (राम बाबू यादव) :- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए वाममोर्चा ने अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। सोमवार को कोलकाता के अलीमुद्दीन स्ट्रीट स्थित पार्टी मुख्यालय में वाममोर्चा के चेयरमैन विमान बसु ने उम्मीदवारों के नामों का एलान किया। इस मौके पर CPIM के राज्य सचिव मोहम्मद सलीम भी मौजूद थे। रानीगंज विधानसभा सीट से नारायण बाउरी, जामुड़िया विधानसभा सीट से मोहम्मद सब्बीर हुसैन, दुर्गापुर पूर्व विधानसभा सीट से श्रीमंत चटर्जी और दुर्गापुर पश्चिम विधानसभा सीट से प्रभास साईं को CPIM ने उम्मीदवार घोषित किया है। जबकि आसनसोल दक्षिण विधानसभा सीट से शिल्पी चक्रवर्ती, कुल्टी विधानसभा सीट से फारवर्ड ब्लॉक के भवानी आचार्य और पांडेश्वर विधानसभा सीट से प्रबीर मंडल को वाममोर्चा का उम्मीदवार घोषित किया गया है। जबकि पश्चिम बर्दवान जिले की बाकी बची विधानसभा सीटों के लिए वाममोर्चा की तरफ से बाद में अपने उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की जाएगी। यहां बता देना जरूरी है कि पश्चिम बर्दवान जिले की 9 विधानसभा सीटों के लिए पहले चरण में आगामी 23 अप्रैल को मतदान होना है। वाम मोर्चा के वरिष्ठ नेता बिमान बसु ने घोषणा की है कि पहले चरण में कुल 192 सीटों के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी गई है। उन्होंने बताया कि शेष निर्वाचन क्षेत्रों के उम्मीदवारों के नाम भी अगले कुछ दिनों में घोषित कर दिए जाएंगे। खास बात यह है कि पहली सूची में 28 महिला उम्मीदवारों को जगह मिली है।

Post a Comment

0 Comments