BJP ने पश्चिम बर्दवान जिले की 7 विधानसभा सीटों के लिए उम्मीदवार घोषित किए

रानीगंज (राम बाबू यादव) :- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने अपने उम्मीदवारों की पहली सूची सोमवार को जारी कर दी। 294 विधानसभा सीटों में से लगभग 144 विधानसभा सीटों के लिए बीजेपी ने अपने उम्मीदवारों की सूची जारी की है।

 

दुर्गापुर पूर्व विधानसभा सीट से चंद्रशेखर बनर्जी, दुर्गापुर पश्चिम विधानसभा विधानसभा सीट से लखन घुरुई, जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र से डॉ बिजन मुखर्जी, आसनसोल दक्षिण विधानसभा सीट से अग्निमित्रा पाल,  आसनसोल उत्तर विधानसभा सीट से कृष्णेन्दू मुखर्जी और कुल्टी विधानसभा सीट से डॉ अजय पोद्दार को भाजपा ने अपना उम्मीदवार घोषित किया है। जबकि रानीगंज और बाराबनी विधानसभा सीट से बीजेपी ने अभी अपने उम्मीदवार के नाम की घोषणा नहीं की है।

बीजेपी के उम्मीदवारों की सूची पर नजर डालें तो भाजपा ने अपने 3 सिटिंग विधायकों पर फिर से विश्वास जताया है। कुल्टी से डॉ. अजय पोद्दार, आसनसोल दक्षिण से अग्निमित्रा पाल और दुर्गापुर पश्चिम से लखन घुरुई को पुनः चुनावी समर में उतारा गया है। विशेष रूप से अग्निमित्रा पाल और डॉ. अजय पोद्दार जैसे नामों को फिर से मौका देना यह दर्शाता है कि भाजपा अपने गढ़ को सुरक्षित रखने के लिए अनुभवी नेतृत्व को प्राथमिकता दे रही है।

इस सूची में सबसे अधिक चर्चा पांडेश्वर विधानसभा सीट को लेकर हो रही है, जहां से भाजपा ने पूर्व मेयर और कद्दावर नेता जितेंद्र तिवारी को दोबारा प्रत्याशी बनाया है। ज्ञात हो कि वर्ष 2021 के चुनाव में जितेंद्र तिवारी इसी सीट से बेहद मामूली अंतर से पराजित हुए थे। हार के बावजूद उन्हें फिर से उसी विधानसभा सीट से टिकट देना पार्टी नेतृत्व के भरोसे को दर्शाता है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि तिवारी का पिछला अनुभव और पांडेश्वर की जनता के बीच उनकी सक्रियता इस बार चुनाव परिणामों को भाजपा के पक्ष में मोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

वहीं, जामुड़िया सीट का समीकरण इस बार काफी रोचक हो गया है। पार्टी ने डॉ. बिजन मुखर्जी को जामुड़िया से मैदान में उतारा है, जिन्होंने पिछला चुनाव रानीगंज से लड़ा था। रानीगंज में तृणमूल कांग्रेस के तापस बनर्जी के विरुद्ध बेहद नजदीकी मुकाबले में पिछड़ने वाले डॉ. मुखर्जी को इस बार जामुड़िया भेजना भाजपा की एक सोची-समझी रणनीति का हिस्सा प्रतीत होता है।

युवा नेतृत्व के मोर्चे पर भाजपा ने दुर्गापुर पूर्व से जिला उपाध्यक्ष चंद्रशेखर बनर्जी को टिकट देकर भविष्य की राजनीति का संकेत दिया है। विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी के करीबी माने जाने वाले बनर्जी पार्टी का एक ऊर्जावान चेहरा हैं और उनकी सक्रियता दुर्गापुर क्षेत्र के युवाओं को आकर्षित करने का दम रखती है। आसनसोल उत्तर से कृष्णेंदु मुखर्जी को उम्मीदवार बनाकर पार्टी ने इस महत्वपूर्ण शहरी क्षेत्र में भी कड़ा मुकाबला पेश करने की तैयारी कर ली है। हालांकि, रानीगंज और बाराबनी जैसी महत्वपूर्ण सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा अभी बाकी है, जिसे लेकर कयासों का दौर जारी है। कुल मिलाकर, भाजपा की यह सूची अनुभव और युवा जोश का एक संतुलित मिश्रण है, जो आगामी चुनावों में सत्ता की राह आसान करने के उद्देश्य से तैयार की गई है।

Post a Comment

0 Comments