कोलकाता :- पश्चिम बंगाल में चुनाव से पहले केंद्रीय अर्द्ध सैनिक बलों की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए निर्वाचन आयोग ने कड़ा रुख अपनाया है। वीरभूम जिले के सिउड़ी स्थित तृणमूल कांग्रेस (TMC) कार्यालय में घुसकर कैरम खेलने वाले केंद्रीय अर्द्ध सैनिक बल के 3 जवानों को चुनाव आयोग ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद आयोग ने यह कार्रवाई की और साथ ही विभागीय जांच के आदेश भी दिए हैं।
इस मामले पर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। भाजपा ने इसे मतदाताओं के भरोसे के साथ खिलवाड़ बताया, जबकि टीएमसी नेताओं ने इसे जवानों की सहज पसंद करार दिया। हालांकि, आयोग ने स्पष्ट कर दिया है कि ड्यूटी के दौरान किसी भी राजनीतिक दल का आतिथ्य स्वीकार करना या उनके कार्यालयों का उपयोग करना पूरी तरह प्रतिबंधित है। इससे पहले मुर्শিদাবাদ में भी एक निजी समारोह में शामिल होने पर सात जवानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई थी। चुनाव आयोग के इस कदम ने संदेश दे दिया है कि चुनावी प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या पक्षपात बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

0 Comments