दुर्गापुर :- पश्चिम बंगाल सरकार ने एक बड़ा कदम उठाते हुए 'यात्री साथी' ऐप के माध्यम से नई एम्बुलेंस सेवा शुरू की है। राज्य में इस नई परियोजना की शुरुआत पश्चिम बर्धमान जिले से की गई है। यह पहल उन संकटग्रस्त मरीजों के परिवारों के लिए एक बड़ी राहत लेकर आई है, जिन्हें पहले एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल ले जाने के लिए एम्बुलेंस के बदले में दलाल चक्रों के हाथों मोटी रकम देनी पड़ती थी। अब 'यात्री साथी' ऐप के जरिए एम्बुलेंस लोगों के दरवाजे पर तेज और सस्ती दरों पर उपलब्ध होगी। रेफरल के समय भी एक क्लिक पर एम्बुलेंस सीधे अस्पताल के दरवाजे पर पहुँच जाएगी।
प्रशासन को उम्मीद है कि यह सेवा न केवल आम आदमी की जेब पर पड़ने वाले बोझ को कम करेगी, बल्कि एम्बुलेंस सेवाओं में व्याप्त दलाल चक्रों और अतिरिक्त शुल्क वसूलने की प्रवृत्ति पर भी अंकुश लगाएगी। आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्र में पहले चरण में 170 एम्बुलेंस को 'यात्री साथी' के तहत लाया गया है। गुरुवार सुबह से ही आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के ट्रैफिक अधिकारी इस सेवा को सुचारु रूप से चलाने में सक्रियता दिखा रहे हैं।
आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के एसीपी ट्रैफिक राजकुमार मालाकार ने बताया कि राज्य प्रशासन हमेशा राज्य के लोगों के साथ खड़ा है। इस नई पहल से अब मरीजों के परिवारों को कोई परेशानी नहीं होगी, और वे दलाल चक्रों से भी मुक्त रहेंगे। हम सुबह से ही पूरी तरह सक्रिय हैं।



0 Comments