Asansol में DM ने वोटर लिस्ट SIR प्रक्रिया पर सर्वदलीय बैठक की, उठे कई अहम सवाल

आसनसोल :- पश्चिम बर्दवान जिले के डीएम एस पोन्नबलम की अध्यक्षता में गुरुवार को वोटर लिस्ट के गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया को लेकर एक महत्वपूर्ण सर्वदलीय बैठक हुई। इस बैठक में जिले के सभी स्वीकृत राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया और प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर जिला शासक का ध्यान आकर्षित किया।

कांग्रेस नेता प्रसनजीत पुईतुंडी ने बताया कि उनकी पार्टी ने जिला शासक के सामने मुख्यतः तीन समस्याएं रखीं। पहला और सबसे पेचीदा मुद्दा यह था कि यदि कोई व्यक्ति 2002 में नाबालिग था और उससे पहले ही उसके दादा-दादी, माता-पिता का निधन हो चुका है, तो मतदाता सूची में उसके किसी भी रिश्तेदार का नाम नहीं रहेगा। ऐसे में, उसका नाम किसके साथ मिलान किया जाएगा, यह स्पष्ट नहीं है। दूसरा मुद्दा उन कर्मचारियों से संबंधित था जो 2002 में चितरंजन, डूरंड कॉलोनी, न्यू टाउन जैसी जगहों पर रहते थे, लेकिन अब नौकरी या रिटायरमेंट के कारण स्थान बदल चुके हैं। पुईतुंडी ने कहा कि ऐसे कई लोगों ने उनसे संपर्क किया है, जिनकी सूची आज प्रशासन को सौंपी गई।

तीसरा मुद्दा उन लोगों के लिए एन्यूमरेशन फॉर्म की उपलब्धता से जुड़ा था जो 2002 में क्वार्टरों में रहते थे, पर अब उन क्वार्टरों को तोड़कर नया निर्माण कर दिया गया है और निवासियों को नई जगह स्थानांतरित किया गया है। कांग्रेस ने सुझाव दिया कि सर्वसम्मति से उस क्षेत्र में माइकिंग कराई जाए और विभिन्न राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (BLA) से संपर्क कर ऐसे लोगों को एक निश्चित जगह पर बुलाया जाए ताकि फॉर्म प्राप्त किया जा सके।

भाजपा प्रतिनिधि प्रशांत चक्रवर्ती ने उन लोगों की समस्या पर सवाल उठाया जो 2002 में किसी एक जगह पर रहते थे, लेकिन अब रिटायर होकर दूसरी जगह चले गए हैं। उन्होंने चिंता जताई कि ऐसे में उनका एन्यूमरेशन फॉर्म कैसे मिलेगा और जिला शासक से इस पर कदम उठाने का अनुरोध किया।

टीएमसी के प्रतिनिधि आकाश मुखर्जी ने जिला शासक से यह सुनिश्चित करने का अनुरोध किया कि सभी वैध मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में रहे और इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। साथ ही, उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे बेवजह बूथ लेवल अधिकारियों (BLOs) को परेशान न करें और उनके साथ सहयोग करें। टीएमसी ने कम्युनिटी सेंटर में एक जगह बैठकर एन्यूमरेशन फॉर्म की प्रक्रिया संपन्न कराने का भी सुझाव दिया।

बैठक के बाद, जिला शासक एस पोन्नबलम ने एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने बताया कि जिले में अब तक 86% एन्यूमरेशन फॉर्म प्रदान किए जा चुके हैं और सभी बीएलओ बहुत अच्छे तरीके से काम कर रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जो भी समस्याएं राजनीतिक दलों द्वारा उठाई गई हैं, उन्हें दूर कर लिया जाएगा। डीएम ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे बिना किसी चिंता के एन्यूमरेशन फॉर्म भरकर प्रक्रिया में सहयोग करें।

Post a Comment

0 Comments