Japan के ओकायामा विश्वविद्यालय ने CM ममता बनर्जी को दी D. Lit की मानद उपाधि

कोलकाता :- पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को नारी सशक्तिकरण (Women Empowerment) में उनके विशेष योगदान के लिए जापान के ओकायामा विश्वविद्यालय (Okayama University) द्वारा डी.लिट (Doctor of Letters) की मानद उपाधि से सम्मानित किया गया है। अलीपुर के धनधान्य ऑडिटोरियम में आयोजित एक विशेष समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने यह सम्मान 'माँ-माटी-मानुष' को समर्पित किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने जापान और बंगाल के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को रेखांकित किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि इतने सम्मान मिलने के बावजूद वह हमेशा 'घर की बेटी' की तरह ही रहना चाहती हैं।

मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय के अधिकारियों का बंगाल आने के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा, "मैं वास्तव में अभिभूत हूँ। जापान शांति, सद्भाव और संस्कृति के लिए पूरी दुनिया में एक मिसाल है। विश्वविद्यालय के सभी छात्रों के लिए मेरी शुभकामनाएँ। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने जापान और बंगाल के बीच गहरे संबंधों पर जोर देते हुए कहा, "बंगाल और जापान के कई विश्वविद्यालय एक साथ काम कर रहे हैं, जो हमारे शिक्षकों और छात्रों के लिए बहुत अच्छा है।" उन्होंने बताया कि पिछले सात वर्षों से जापान के प्रतिनिधि बंगाल में आयोजित होने वाले औद्योगिक सम्मेलन में भाग ले रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा, "एक समय था जब रवीन्द्रनाथ टैगोर जापान गए थे, जो सभी को याद है। आजादी से पहले स्वामी विवेकानंद भी जापान गए थे। रास बिहारी बोस और नेताजी सुभाष चंद्र बोस भी वहाँ गए थे। नेताजी की मृत्यु को लेकर अभी भी संदेह है, लेकिन इतिहास को भुलाया नहीं जा सकता। विश्वकवि रवीन्द्रनाथ टैगोर के शांति निकेतन में भी आपकी एक इकाई (यूनिट) मौजूद है।

Post a Comment

0 Comments