जामुड़िया :- जामुड़िया के सातग्राम 8 नंबर इलाके में सोमवार दोपहर एक भीषण सड़क दुर्घटना में दो बसों के बीच जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें लगभग 20 यात्री घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार, आसनसोल के बराकर से रानीगंज की ओर जा रही एक मिनी बस जब सातग्राम के पास यात्रियों को उतारने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे रुकी थी, तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार एक्सप्रेस बस ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि एक्सप्रेस बस जो आसनसोल से दुर्गापुर की ओर जा रही थी, अचानक सामने आए एक मवेशी (गाय) को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हो गई और मिनी बस के पिछले हिस्से में जा घुसी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मिनी बस के पीछे बैठे यात्री और एक्सप्रेस बस के केबिन में सवार कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटनास्थल पर मौजूद आसनसोल नगर निगम के एमएमआईसी सुब्रत अधिकारी और स्थानीय निवासियों ने पुलिस की मदद से तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को इलाज के लिए रानीगंज के रॉयल केयर अस्पताल और आसनसोल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राहत की बात यह है कि इस हादसे में अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। स्थानीय लोगों ने शिकायत की है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवारा पशुओं के खुलेआम घूमने के कारण अक्सर ऐसी दुर्घटनाएं होती रहती हैं और यह हादसा भी उसी लापरवाही का नतीजा है।





0 Comments