पांशकुड़ा रेलवे स्टेशन पर बिहार के 3 अपराधी गिरफ्तार, लूट का सामान और हथियार बरामद

पांशकुड़ा :- पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिला अंतर्गत पांशकुड़ा रेलवे स्टेशन पर रेल पुलिस (GRP) ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। घर में लूटपाट कर ट्रेन से भागने की फिराक में लगे बिहार के 3 शातिर अपराधियों को पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, स्टेशन परिसर में तीन युवकों की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर ड्यूटी पर तैनात रेलकर्मियों ने उन्हें रोका। पूछताछ के दौरान उनके बयानों में भारी विसंगतियां पाई गईं, जिसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया। तलाशी लेने पर उनके पास से भारी मात्रा में नकद राशि, सोने-चांदी के गहने और चोरी के इस्तेमाल में आने वाले उपकरण बरामद हुए। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मोहम्मद राज (पटना, सुल्तानगंज), मोहम्मद अमन (दरगाह रोड, पटना) और मोहम्मद कैफ (शाहगंज, पटना) के रूप में हुई है। इन सभी की उम्र 24 से 25 वर्ष के बीच है। प्राथमिक जांच के बाद रेल पुलिस ने तीनों को जिला पुलिस के हवाले कर दिया है, जो अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन्होंने हाल ही में किन घरों को निशाना बनाया था।

Post a Comment

0 Comments