जामुड़िया :- आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत जामुड़िया थाना क्षेत्र के परिहारपुर में प्रेम प्रसंग के चलते एक व्यक्ति की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड की गुत्थी सुलझाते हुए मृतक संजीव बाउरी की पत्नी मौसमी बाउरी और उसके प्रेमी अभिराम बाउरी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि अभिराम अपनी प्रेमिका मौसमी के पति संजीव को रास्ते से हटाकर उसके साथ जीवन बिताना चाहता था। इसके लिए उसने अपनी प्रेमिका के साथ मिलकर संजीव की हत्या की साजिश रची और उसे अंजाम दे दिया। आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस के डीसी ध्रुव दास ने पत्रकार सम्मेलन में बताया कि शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस अब दोनों को अदालत में पेश कर रिमांड की मांग करेगी ताकि हत्या के सटीक कारणों और साक्ष्यों को जुटाया जा सके।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक जांच के लिए आवेदन किया है, जिससे मौके से वैज्ञानिक सबूत जुटाए जा सकें। हालांकि, एक ओर जहां पुलिस दावा कर रही है कि जुर्म कबूल कर लिया गया है, वहीं दूसरी ओर आरोपी प्रेमी अभिराम बाउरी ने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा है कि उसे फंसाया जा रहा है और वह हाल ही में जेल से बाहर आया है। फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की तहकीकात कर रही है।
गौरतलब है कि परिहारपुर गांव के निवासी संजीत बाउरी (46) का शव गांव के ही एक परित्यक्त मैदान के पास मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, संजीत बाउरी रोज की तरह मंगलवार को ईंट-भट्ठे में काम करने के लिए घर से निकला था। शाम तक घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद गांव के एक छोर पर स्थित मैदान में उसका शव पड़ा हुआ देखा गया। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। खबर पाकर जामुड़िया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने उसकी पत्नी समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है।


0 Comments