Asansol में सफाई कर्मियों की हड़ताल के मुद्दे पर BJP ने AMC बोर्ड को घेरा

आसनसोल :- आसनसोल नगर निगम क्षेत्र के 106 वार्डों में पिछले आठ दिनों से जारी सफाई कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल ने शहर की सूरत बिगाड़ दी है। न्यूनतम वेतन में 15 हजार रुपये की वृद्धि, पहचान पत्र और पीएफ सुविधाओं जैसी मांगों को लेकर लगभग 3000 सफाई कर्मी काम बंद कर प्रदर्शन कर रहे हैं। इस हड़ताल के कारण पूरे निगम क्षेत्र में साफ-सफाई की व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और रिहाइशी इलाकों से लेकर मुख्य सड़कों तक कूड़े-कचरे का अंबार लग गया है, जिससे स्थानीय निवासियों का जीना मुहाल हो गया है। इस गंभीर स्थिति को लेकर अब सियासत भी गरमा गई है और भाजपा ने सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस द्वारा संचालित नगर निगम बोर्ड के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

शनिवार को जिला पार्टी कार्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान भाजपा के जिला अध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्य और वरिष्ठ नेता कृष्णेन्दु मुखर्जी ने निगम प्रशासन की निष्क्रियता पर तीखे सवाल उठाए। देवतनु भट्टाचार्य ने कहा कि सफाई व्यवस्था ठप होने से पूरे शहर में नरकीय स्थिति उत्पन्न हो गई है, लेकिन मेयर से लेकर नगर निगम के तमाम अधिकारी हाथ पर हाथ धरे चुपचाप बैठे हुए हैं। उन्हें जनता की परेशानियों से कोई सरोकार नहीं है। वहीं, वरिष्ठ नेता कृष्णेन्दु मुखर्जी ने नगर निगम बोर्ड को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि प्रशासन की लापरवाही के कारण आज आसनसोल कूड़े के ढेर में तब्दील हो चुका है और अधिकारी समाधान निकालने के बजाय मूकदर्शक बने हुए हैं। एक ओर जहां कर्मचारी अपनी मांगों पर अड़े हैं, वहीं दूसरी ओर राजनीतिक विरोध और गंदगी के कारण शहरवासियों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

Post a Comment

0 Comments