आसनसोल (राम बाबू यादव) :- कल्याणपुर हाउसिंग में रविवार को आसनसोल उत्तर विधानसभा तृणमूल कांग्रेस की 23वीं वार्षिक आम सभा का भव्य आयोजन किया गया। राज्य के कैबिनेट मंत्री और स्थानीय विधायक मलय घटक के नेतृत्व में आयोजित इस सभा में क्षेत्र के तमाम वरिष्ठ नेता और भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सम्मेलन को संबोधित करते हुए मंत्री मलय घटक ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला और केंद्र सरकार की नीतियों की जमकर आलोचना की। उन्होंने कहा कि भाजपा का मुख्य उद्देश्य धर्म के नाम पर लोगों के बीच भेदभाव पैदा करना है और इसके अलावा उनके पास जनहित का कोई एजेंडा नहीं है। उन्होंने जोर देकर कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है, लेकिन भाजपा जानबूझकर इस प्रगति को अनदेखा कर झूठा प्रचार कर रही है।
मतदाता सूची संशोधन (एसआईआर) के मुद्दे पर भाजपा को घेरते हुए मलय घटक ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया शुरू होने से पहले भाजपा नेताओं ने दावा किया था कि बंगाल में करोड़ों रोहिंग्या मौजूद हैं। हालांकि, एसआईआर प्रक्रिया के पहले चरण के पूरा होने के बाद सच्चाई सामने आ गई है। उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि कुल 58 लाख नाम बाहर हुए हैं, जिनमें से एक भी रोहिंग्या नहीं मिला है। मंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बने हैं, लेकिन केंद्र सरकार की ऐसी एक भी उपलब्धि नहीं है जिससे आम जनता का वास्तविक विकास हुआ हो। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर भाजपा के 'भ्रामक प्रचार' का डटकर मुकाबला करने और राज्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुँचाने का आह्वान किया।

0 Comments