आसनसोल :- आसनसोल के सालानपुर थाना अंतर्गत रामडी रक्षा काली मंदिर में चोरी की एक ऐसी अजीबोगरीब घटना सामने आई है, जिसने पुलिसिया चौकसी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि जिस मंदिर के ठीक सामने पुलिस द्वारा लगाया गया सीसीटीवी कैमरा मौजूद है और जहां रात भर सलानपुर थाने की गश्ती गाड़ी खड़ी रहती है, वहां से चोरों ने बड़ी आसानी से मां काली के चांदी का मुकुट और सोने के कुंडल पार कर दिए। इस घटना ने न केवल पुलिस प्रशासन को कटघरे में खड़ा किया है, बल्कि स्थानीय लोगों में असुरक्षा की भावना भी पैदा कर दी है।
घटना का विवरण देते हुए मंदिर के सेवादार भूपेन महतो ने बताया कि शुक्रवार शाम को वे रोजाना की तरह मंदिर बंद कर घर गए थे। शनिवार सुबह जब वे मंदिर की साफ-सफाई करने पहुंचे, तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने देखा कि मां की मूर्ति का चांदी का मुकुट और कान के कुंडल गायब थे, जबकि गले की माला टूटी हुई जमीन पर बिखरी पड़ी थी। दिलचस्प बात यह है कि चोरों ने न तो मंदिर का ताला तोड़ा और न ही दान पेटी को हाथ लगाया; बल्कि बांस की फच्ची (आकाशी) के सहारे बड़ी चालाकी से आभूषण निकाल लिए। सेवादार ने बताया कि पिछले दो दिनों से एक अज्ञात युवक मंदिर के बाहर शरण लिए हुए था, जो शनिवार सुबह से ही लापता है।
इस घटना के बाद इलाके के निवासियों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सालानपुर थाने में स्थायी इंस्पेक्टर इंचार्ज (IC) न होने के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि जब पुलिस की मौजूदगी में मंदिर जैसा पवित्र स्थान सुरक्षित नहीं है, तो उनके घर और दुकानें कैसे सुरक्षित रह सकते हैं। मंदिर के पुजारी ने भी इस घटना पर आश्चर्य व्यक्त करते हुए कहा कि अब बदमाशों की नजर भगवान के दरबार पर है। फिलहाल सलानपुर थाना पुलिस ने मामले की लिखित शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और संदिग्ध युवक की तलाश की जा रही है।



0 Comments