Asansol के रेलपार में सड़क निर्माण को लेकर RPF और जनता के बीच टकराव, काम रुका

आसनसोल :- आसनसोल उत्तर थाना क्षेत्र के अंतर्गत रेलपार इलाके में सड़क निर्माण कार्य को लेकर शनिवार को भारी विवाद उत्पन्न हो गया। मुसुद्दी मोहल्ले में रेलवे की जमीन पर निर्माणाधीन सड़क के काम को रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने अचानक रुकवा दिया, जिसके बाद स्थानीय निवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। आरपीएफ अधिकारियों का तर्क है कि यह निर्माण कार्य बिना अनुमति के रेलवे की भूमि पर किया जा रहा था। इस हस्तक्षेप के विरोध में मुसुद्दी मोहल्ले के साथ-साथ चाँदमारी और कसाई मोहल्ला के सैकड़ों लोग सड़क पर उतर आए और रेलवे प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।


स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह सड़क इस क्षेत्र की जीवनरेखा है। मुसुद्दी मोहल्ले में पहले से ही एक पुल बना हुआ है और सड़क की ढलाई का कुछ हिस्सा पहले ही पूरा हो चुका था, लेकिन शनिवार को आरपीएफ ने बाकी काम पर रोक लगा दी। ग्रामीणों के अनुसार, इस सड़क का उपयोग चांदमारी, कसाई मोहल्ला, सेंट्रम मॉल और आपातकालीन स्थिति में अस्पताल जाने के लिए किया जाता है। स्थानीय लोगों ने स्वीकार किया कि जमीन रेलवे की है, लेकिन उनका तर्क है कि इससे रेलवे के परिचालन में कोई बाधा नहीं आ रही है। सड़क निर्माण रुकने से न केवल विकास कार्य बाधित हुआ है, बल्कि हजारों लोगों के आवागमन पर भी संकट खड़ा हो गया है।

हंगामे की सूचना मिलते ही आसनसोल उत्तर थाना प्रभारी सौमेन बनर्जी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और उग्र भीड़ को समझाने का प्रयास किया। पुलिस के हस्तक्षेप से स्थिति को बिगड़ने से संभाला गया, हालांकि क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। दूसरी ओर, जब इस विषय पर रेलवे अधिकारियों से बात करने की कोशिश की गई, तो उन्होंने मीडिया से दूरी बनाते हुए कहा कि वे बयान देने के लिए अधिकृत नहीं हैं। आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि सड़क निर्माण का काम तुरंत बहाल नहीं हुआ, तो वे आने वाले दिनों में जीटी रोड अवरुद्ध करेंगे और डीआरएम कार्यालय का घेराव कर बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

Post a Comment

0 Comments