INTTUC के जिला महासचिव अब BJP में ? जितेंद्र तिवारी ने TMC को घेरा

कुल्टी :- आसनसोल नगर निगम के पूर्व मेयर और वरिष्ठ भाजपा नेता जितेंद्र तिवारी ने सोमवार को कुल्टी विधानसभा के 19 नंबर वार्ड के पूर्व पार्षद प्रबीर चटर्जी (राजा) के घर पहुंचे और राजा को फिर से भाजपा में सक्रिय रूप से कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने राजा के घर पहुंचकर सत्तारूढ़ दल TMC के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। पूरा विवाद उस समय शुरू हुआ जब INTTUC (TMC की श्रमिक शाखा) की नई जिला कमेटी में प्रबीर चटर्जी उर्फ राजा का नाम जनरल सेक्रेटरी के तौर पर शामिल किया गया। भाजपा नेता जितेंद्र तिवारी ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर इसका कड़ा विरोध किया और इसे तृणमूल कांग्रेस की हताशा का प्रतीक बताया।

भाजपा नेता जितेंद्र तिवारी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि यदि TMC को अपने विभिन्न संगठनों की कमेटियों के लिए पर्याप्त लोग नहीं मिल रहे हैं, तो उन्हें भाजपा कार्यकर्ताओं के नाम का इस्तेमाल करने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिस कार्यकर्ता का नाम INTTUC की जिला कमेटी में रखा गया है, उन्होंने उसी समय TMC छोड़ दी थी जब जितेंद्र तिवारी स्वयं भाजपा में शामिल हुए थे। तिवारी ने याद दिलाया कि उन्होंने कुल्टी के कई नेताओं को पूर्व में TMC में शामिल करवाया था, लेकिन जिस दिन उन्होंने भाजपा का दामन थामा, उनके साथ वे तमाम नेता भी भाजपा में आ गए थे।


भाजपा नेता ने इस स्थिति को हास्यास्पद करार देते हुए कहा कि अपने किसी शाखा संगठन की सूची में विपक्षी कार्यकर्ताओं का नाम शामिल करना दर्शाता है कि TMC के पास संगठन चलाने के लिए निष्ठावान लोगों की भारी कमी हो गई है। उन्होंने साफ लहजे में चेतावनी दी कि यह TMC की अपनी आंतरिक समस्या हो सकती है कि उनके पास कार्यकर्ता नहीं हैं, लेकिन भाजपा कार्यकर्ताओं के नाम का इस तरह से गलत इस्तेमाल करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस घटना के बाद इलाके में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है और भाजपा कार्यकर्ताओं ने TMC के इस कदम को अपनी नैतिक जीत बताया है।

Post a Comment

0 Comments