दुर्गापुर :- दुर्गापुर नगर निगम के 9 नंबर वार्ड स्थित कनिष्क मोड़ इलाके में गुरुवार को अचानक जमीन धंसने की घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। यह घटना दुर्गापुर स्टील प्लांट को जोड़ने वाली मुख्य सड़क के ठीक बगल में हुई, जिससे न केवल यातायात प्रभावित होने का खतरा मंडरा रहा है, बल्कि स्थानीय निवासी भी बेहद डरे हुए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुरुआत में सड़क के किनारे एक छोटा सा गड्ढा दिखाई दिया था, लेकिन देखते ही देखते महज कुछ ही मिनटों में मिट्टी धंसने लगी और गड्ढे ने एक बड़े धंसान का रूप ले लिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना प्रशासनिक अधिकारियों और दुर्गापुर स्टील प्लांट के प्रबंधन को दी। सूचना मिलते ही सुरक्षाकर्मी और संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुँचे और स्थिति का जायजा लिया।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस इलाके में धंसान की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी सेकेंडरी मोड़ और सी.आर.दास-कनिष्क मोड़ के समीपवर्ती क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर जमीन धंसने की घटनाएं हो चुकी हैं। बार-बार हो रही इन घटनाओं ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों को डर है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो यह मुख्य मार्ग किसी भी समय पूरी तरह जमींदोज हो सकता है, जिससे कारखाने और शहर का संपर्क टूट जाएगा। फिलहाल, प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से प्रभावित हिस्से के चारों ओर घेराबंदी कर दी है ताकि कोई दुर्घटना न हो। विशेषज्ञों की टीम धंसान के कारणों की जांच कर रही है ताकि मरम्मत का कार्य जल्द शुरू किया जा सके।



0 Comments