आसनसोल में फर्जी आधार कार्ड के जरिए केस वापस लेने की कोशिश, पुलिस ने 'लिंक मैन' को दबोचा


आसनसोल :- अदालत में फर्जी आधार कार्ड पेश कर एक नकली व्यक्ति को असली वादी (शिकायतकर्ता) के रूप में खड़ा करने और मुकदमा वापस लेने की साजिश का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। इस जालसाजी के आरोप में पुलिस ने एक 'लिंक मैन' को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान सालानपुर के खुदिका क्षेत्र निवासी अर्नब डे के रूप में हुई है।

यह पूरा मामला आसनसोल बार एसोसिएशन की सतर्कता के बाद सामने आया। जानकारी के अनुसार, वर्ष 2025 के एक पुराने मामले को वापस लेने के लिए अदालत में दुलाल चंद्र घोष के नाम से एक आधार कार्ड और आवेदन प्रस्तुत किया गया था। हालांकि, संदेह होने पर जब दस्तावेजों की जांच की गई, तो पता चला कि अदालत में पेश किया गया व्यक्ति वास्तविक वादी था ही नहीं। फर्जी दस्तावेज के आधार पर केस रफा-दफा करने की इस कोशिश ने बार एसोसिएशन के सदस्यों को चौकन्ना कर दिया।

वकीलों ने आरोपी अर्नब डे को पकड़कर आसनसोल दक्षिण थाना पुलिस के हवाले कर दिया। इस संबंध में 1 नवंबर 2025 को ही लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसकी जांच के बाद अब यह गिरफ्तारी हुई है। पुलिस इस मामले में गहराई से छानबीन कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस बड़े फर्जीवाड़े के पीछे और किन प्रभावशाली लोगों या गिरोह का हाथ है। फिलहाल, पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि उसने फर्जी आधार कार्ड कहाँ से बनवाया और इस खेल में उसके साथ और कौन-कौन शामिल हैं।

Post a Comment

0 Comments