रानीगंज। बुधवार शाम रानीगंज के जगन्नाथ ब्रिज के समीप उस समय एक भयावह स्थिति पैदा हो गई जब पूरी (ओडिशा) जा रही एक टूरिस्ट बस के अचानक ब्रेक फेल हो गए। ब्रेक फेल होने के कारण बस अनियंत्रित हो गई और सड़क पर मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, बस चालक ने अदम्य साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए एक बड़ी दुर्घटना होने से बचा लिया। जानकारी के अनुसार, यह बस बांकुड़ा जिले के मेजिया से 60 यात्रियों को लेकर पूरी भ्रमण के लिए निकली थी, जिसमें भारी संख्या में महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुँचा और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को बीच सड़क से हटाकर यातायात को पुनः सुचारू कराया। प्रशासन द्वारा सभी यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था स्थानीय क्लब में की गई है। फिलहाल पुलिस इस तकनीकी खराबी के कारणों की गहनता से जांच कर रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि हादसे की मुख्य वजह क्या थी। बाल-बाल बचे यात्री अभी भी सहमे हुए हैं, लेकिन उन्होंने चालक की तत्परता की सराहना की है।

0 Comments