'नौकरी चाहिए बंगाल' मुहिम के तहत रानीगंज में भाजपा युवा मोर्चा की सभा


रानीगंज :- राज्य में शिक्षित युवाओं के लिए नौकरी की मांग पर शनिवार की शाम आसनसोल सांगठनिक जिला भाजपा युवा मोर्चा की ओर से 'नौकरी चाहिए बंगाल' (चाकरी चाई बांग्ला) अभियान के तहत सभा का आयोजन किया गया। रानीगंज विधानसभा के मंडल-1 स्थित सियारशोल राजबाड़ी मोड़ पर आयोजित सभा में बड़ी संख्या में भाजपा युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। सभा में मुख्य रूप से बिष्णुपुर के सांसद व भाजपा के प्रदेश महासचिव सौमित्र खां, आसनसोल सांगठनिक जिला अध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्य, नमो युवा वारियर्स के जिला संयोजक अभिक कुमार मंडल, भाजपा के मंडल अध्यक्ष शमशेर सिंह, पर्यवेक्षक आशा शर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से भाजपा ने राज्य की तृणमूल सरकार पर नौकरियों के अवसर पैदा करने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए युवाओं को एकजुट होने का आह्वान किया।




सभा को संबोधित करते हुए सांसद सौमित्र खां ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बंगाल के युवा आज दर-दर भटकने को मजबूर हैं क्योंकि तृणमूल कांग्रेस सरकार उन्हें नौकरी देने के बजाय केवल राजनीति में उलझा रही है। उन्होंने जोर देकर कहा कि भाजपा राज्य के शिक्षित युवाओं को नौकरी दिलाने के संकल्प के साथ सड़क पर उतरी है। बकाया डीए को लेकर सुप्रीम कोर्ट के आदेश के संदर्भ में सांसद सौमित्र खां ने कहा कि अगर बकाया भुगतान नहीं होता है तो राज्य के सरकारी कर्मचारियों को पेन डाउन करना चाहिए। 


भाजपा नेताओं ने तृणमूल कांग्रेस सरकार के हालिया बजट पर कटाक्ष करते हुए कहा कि एक ओर सरकार ने लक्ष्मी भंडार योजना की राशि में 500 रुपये की अतिरिक्त वृद्धि की है और माध्यमिक उत्तीर्ण युवाओं के लिए 'युवा साथी' योजना के तहत 1500 रुपये बेरोजगारी भत्ता देने की घोषणा की है, लेकिन ये केवल चुनावी हथकंडे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि शिक्षित युवाओं को बेरोजगारी भत्ता नहीं बल्कि योग्यता के आधार पर नौकरी चाहिए।

Post a Comment

0 Comments