Durgapur में मॉडिफाइड साइलेंसर वाले बाइक के खिलाफ अभियान, ट्रैफिक पुलिस ने लगाया जुर्माना

दुर्गापुर :- औद्योगिक नगरी दुर्गापुर की सड़कों पर मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर बाइक दौड़ाने वाले हुड़दंगियों के खिलाफ पुलिस ने अब कमर कस ली है। साइलेंसर से निकलने वाली कानफोड़ू आवाज और आग की लपटों से परेशान स्थानीय निवासियों को राहत देने के लिए शनिवार शाम आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के ट्रैफिक विभाग ने गांधी मोड़ पर एक बड़ा अभियान चलाया। पिछले काफी समय से शहरवासी इन 'हॉलीवुड-टॉलीवुड' स्टाइल की बाइकों के शोर और खतरनाक स्टंट से त्रस्त थे, जिससे न केवल राहगीर बल्कि अन्य वाहन चालक भी दहशत में रहते थे।


दुर्गापुर ट्रैफिक गार्ड पुलिस की इस विशेष कार्रवाई के दौरान कई ऐसी बाइकों को रोका गया जिनमें नियम विरुद्ध मॉडिफाइड साइलेंसर लगे हुए थे। पुलिस ने न केवल इन बाइकों को जब्त किया, बल्कि मौके पर ही चालकों पर भारी जुर्माना लगाते हुए उन्हें कड़ी फटकार भी लगाई। इस संबंध में ट्रैफिक इंस्पेक्टर (3) संतोष भकत ने बताया कि उच्च अधिकारियों के निर्देश पर यह छापेमारी की गई है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि भविष्य में केवल चेतावनी देकर नहीं छोड़ा जाएगा, बल्कि सीधे कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन अब ऐसे मामलों में ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने और स्थायी रूप से बाइक जब्त करने जैसे कड़े कदम उठाने की तैयारी में है।

Post a Comment

0 Comments