दुर्गापुर :- दुर्गापुर अंतर्गत ट्रंक रोड इलाके में डेकोरेटर गोदाम में भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि गोदाम के पिछले हिस्से में जमा कूड़े के ढेर से आग की शुरुआत हुई, जिसने देखते ही देखते पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, गोदाम के पीछे लंबे समय से प्लास्टिक, थार्मोकोल और कागज जैसा ज्वलनशील कचरा जमा था। अचानक लगी आग ने गोदाम के भीतर रखे शादी-ब्याह के सजावटी सामान, कपड़े, लाइटिंग के तारों और बांस के ढांचों को राख कर दिया। यह गोदाम चिरंजीत शिकदार का है, जो लंबे समय से सामाजिक कार्यक्रमों में डेकोरेशन का काम करते हैं।
घटना के समय चिरंजीत बाबू बेनाचिति के नया पल्ली में एक कार्यक्रम के काम में व्यस्त थे, तभी उन्हें इस अग्निकांड की सूचना मिली। खबर मिलते ही दमकल की एक गाड़ी और स्थानीय निवासी बचाव कार्य में जुट गए। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक गोदाम के भीतर रखा अधिकांश कीमती सामान जलकर नष्ट हो चुका था। दमकल अधिकारी सुजीत घटक ने बताया कि प्रारंभिक अनुमान के अनुसार कचरे के ढेर में किसी लापरवाही या जानबूझकर लगाई गई आग से यह हादसा हुआ है। पीड़ित मालिक का दावा है कि शादी के सीजन से ठीक पहले हुए इस हादसे में उनका लगभग 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। इस घटना के कारण ट्रंक रोड पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल देखा गया।




0 Comments