कोयला तस्करी मामले में ED ने बुदबुद थाने के OC को किया तलब

दुर्गापुर :- कोयला व बालू तस्करी मामले की जांच कर रहे प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अपनी कार्रवाई को तेज करते हुए दुर्गापुर के बुदबुद थाने के नवनियुक्त प्रभारी (OC) मनोरंजन मंडल को तलब किया है। ईडी ने उन्हें सोमवार को ही कोलकाता के सीजीओ कॉम्प्लेक्स स्थित कार्यालय में हाजिर होने का कड़ा निर्देश दिया है। दरअसल मनोरंजन मंडल पर जो आरोप लगे है, उसे लेकर ईडी के अधिकारी उनसे गहन पूछताछ करने की तैयारी में है। इसके साथ ही, केंद्रीय जांच एजेंसी ईडी ने चिन्मय मंडल को भी पूछताछ के लिए बुलाया है।

गौरतलब है कि इस मामले में केंद्रीय एजेंसी ईडी ने गत 3 फरवरी को मनोरंजन मंडल के दुर्गापुर सिटी सेंटर स्थित आवास पर घंटों तक छापेमारी और तलाशी ली थी। यह कार्रवाई उसी दिन राज्य के करीब 10-12 अन्य ठिकानों पर की गई बड़ी रेड का हिस्सा थी। मनोरंजन मंडल इससे पहले बाराबनी थाने के प्रभारी थे, जहाँ उन्हें निलंबित भी किया जा चुका था।

सूत्रों के अनुसार, यह पूरा मामला अवैध कोयला व बालू खनन और उसके जरिए कमाए गए काले धन को सफेद (Money Laundering) करने के सिंडिकेट से जुड़ा है। 3 फरवरी को हुई छापेमारी के दौरान मनोरंजन मंडल के अलावा कई अन्य प्रभावशाली लोग और व्यवसायी भी रडार पर रहे। जामुड़िया में व्यवसायी बंसल के ठिकानों पर रेड की गई थी। 

वहीं दुर्गापुर के सेपको टाउनशिप में बालू व्यापारी प्रबीर दत्ता और उनके भाई अमित दत्ता के आवास पर भी तलाशी ली गई। इनके अलावा शेख अख्तर, किरण खान, मिर्जा हसामुद्दीन बेग और पाण्डवेश्वर के नवग्राम में शेख मैजुल के ठिकानों पर भी एक साथ दबिश दी गई थी।

Post a Comment

0 Comments