जामुड़िया (राम बाबू यादव) :- अवैध कोयला तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सीआईएसएफ (CISF) की टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। सीआईएसएफ कमांडेंट राहुल यादव के निर्देश पर एसआरपी (SRP) और केएनटी (KNT) टीमों ने संयुक्त गुप्त सूचना के आधार पर राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर स्थित बोगरा चट्टी के पास छापेमारी की। इस सघन तलाशी अभियान के दौरान एक संदिग्ध ट्रक को रोककर जब उसकी जांच की गई, तो CISF के जवान दंग रह गए।
ट्रक में लगभग 24 मीट्रिक टन अवैध कोयला लदा हुआ था। जब चालक से कोयले के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, तो वह कोई भी कागजात पेश करने में विफल रहा। इसके बाद सीआईएसएफ की टीम ने बिना देरी किए अवैध कोयले समेत ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया। जब्त किए गए ट्रक और कोयले को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए श्रीपुर फाड़ी पुलिस स्टेशन को सौंप दिया गया है। इस तरह से सीआईएसएफ जवानों की सक्रियता से कोयला तस्करी के मंसूबों पर पानी फिर गया। पुलिस अब इस मामले में शामिल मुख्य माफियाओं और कोयले के स्रोत का पता लगाने में जुट गई है। इस कार्रवाई से इलाके के अवैध कोयला कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।




0 Comments