Kulti के नियामतपुर में डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा पर सियासी संग्राम, TMC-BJP आमने-सामने


कुल्टी :- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की आहट के बीच कुल्टी के नियामतपुर इलाके में राजनीति गरमा गई है। बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने के श्रेय को लेकर तृणमूल कांग्रेस और बीजेपी के बीच टकराव चरम पर पहुंच गया है। विवाद की शुरुआत तब हुई जब कुल्टी के भाजपा विधायक डॉ. अजय पोद्दार की पहल और इस्को (IISCO) प्रबंधन के सहयोग से नियामतपुर इस्को रोड के किनारे बाबा साहेब की एक आवक्ष प्रतिमा लगाने की योजना तैयार की गई। विधायक डॉ अजय पोद्दार ने स्वयं प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण कर काम शुरू करने की तैयारी की थी। हालांकि, भाजपा की इस पहल के 24 घंटे के भीतर ही तृणमूल कांग्रेस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए उसी स्थान पर डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा लगाने की घोषणा कर दी।




आसनसोल नगर निगम की मेयर परिषद सदस्य इंद्राणी मिश्रा ने आनन-फानन में मौके पर पहुंचकर नारियल फोड़ा और बाबा साहेब की तस्वीर लगाकर शिलान्यास कर दिया। इंद्राणी मिश्रा का दावा है कि आसनसोल नगर निगम और तृणमूल ने डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने की योजना काफी समय पहले बनाई थी, जिसे भाजपा ने 'हाइजैक' करने का प्रयास किया है। उन्होंने सवाल पूछा की क्या बीजेपी बाबा साहब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर के आदर्शों पर चलती है ? उन्होंने आधिकारिक तौर पर घोषणा की कि आगामी 14 अप्रैल को डॉ. आंबेडकर की जयंती के अवसर पर इसी स्थल पर भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी।


इधर, भाजपा विधायक डॉ. अजय पोद्दार ने तृणमूल कांग्रेस के दावों को सिरे से खारिज करते हुए तीखा पलटवार किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह पूरी परियोजना इस्को के सहयोग से संचालित है और आगामी 20 फरवरी को तय कार्यक्रम के अनुसार ही प्रतिमा स्थापित की जाएगी। विधायक ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि तृणमूल कांग्रेस की ओर से इस कार्य में कोई व्यवधान उत्पन्न किया जाता है या स्थिति बिगड़ती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी पुलिस और प्रशासन की होगी। चुनावी बिगुल बजने से पहले ही एक ही स्थान पर दो अलग-अलग तिथियों में प्रतिमा स्थापना की इस होड़ ने कुल्टी के राजनीतिक माहौल में तनाव पैदा कर दिया है।

Post a Comment

0 Comments