MP कीर्ति आजाद ने 13 नंबर वार्ड को दी विकास की सौगात, 15 लाख रुपये के कार्यों का हुआ शुभारंभ

दुर्गापुर (राम बाबू यादव) :- बर्दवान-दुर्गापुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद कीर्ति आजाद ने गुरुवार को दुर्गापुर नगर निगम के 13 नंबर वार्ड के निवासियों के लिए विकास योजनाओं का पिटारा खोल दिया। कादारोड मोड़ स्थित नागेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सांसद ने अपनी सांसद निधि (MPLADS) से लगभग 15 लाख रुपये की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का विधिवत शुभारंभ किया। इस राशि का उपयोग वार्ड में नई स्ट्रीट लाइटें लगाने, नागेश्वर मंदिर में शेड निर्माण और स्थानीय छठ घाट के जीर्णोद्धार के लिए किया जाएगा।


इस अवसर पर सांसद कीर्ति आजाद ने कहा कि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास ही उनकी प्राथमिकता है और आम जनता की बुनियादी सुविधाओं में सुधार के लिए वे प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने अपने बयान में जोर देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व में बंगाल में विकास की लहर चल रही है और हम सुनिश्चित कर रहे हैं कि विकास का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुँचे। 13 नंबर वार्ड की इन परियोजनाओं से न केवल स्थानीय बुनियादी ढांचा मजबूत होगा, बल्कि धार्मिक और सामाजिक आयोजनों में भी लोगों को सुविधा होगी। हम आने वाले समय में दुर्गापुर के अन्य क्षेत्रों में भी इसी तरह के जनहितकारी कार्यों को गति देंगे।


कार्यक्रम के दौरान दुर्गापुर नगर निगम के वाइस चेयरपर्सन धर्मेंद्र यादव, ब्लॉक अध्यक्ष उज्जवल मुखर्जी, हिंदी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष लालबाबू प्रसाद सहित कई वरिष्ठ नेता और वार्ड के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। स्थानीय निवासियों ने सांसद की इस पहल का स्वागत करते हुए उन्हें धन्यवाद ज्ञापित किया।

Post a Comment

0 Comments