केंद्रीय रेल मंत्री ने किया कुमारपुर ROB का लोकार्पण, आसनसोल-बोकारो ट्रेन को दिखाई हरी झंडी

आसनसोल :- औद्योगिक नगरी आसनसोल के निवासियों के लिए रविवार का दिन उपलब्धियों भरा रहा। केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कुमारपुर रोड ओवर ब्रिज (ROB) को राष्ट्र को समर्पित किया। इसके साथ ही उन्होंने आसनसोल और बोकारो के बीच नई ट्रेन सेवा का भी शुभारंभ किया। इस गरिमामयी अवसर पर पश्चिम बंगाल विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े रहे, जबकि कुमारपुर में आयोजित कार्यक्रम में आसनसोल दक्षिण की विधायक अग्निमित्रा पाल और कुल्टी के विधायक डॉ. अजय पोद्दार ने शिलापट्ट का अनावरण कर इस पुल को जनता के लिए खोला। इस दौरान आसनसोल रेल मंडल के डीआरएम संग्रह मौर्य सहित कई वरिष्ठ रेल अधिकारी उपस्थित थे। इसके अतिरिक्त केंद्रीय मंत्री ने सिउड़ी रोड ओवर ब्रिज का भी उद्घाटन किया।

आसनसोल से बोकारो के बीच नई ट्रेन सेवा शुरू होने से यात्रियों में भारी उत्साह और खुशी देखी गई। लोगों का मानना है कि इस सेवा से दोनों औद्योगिक शहरों के बीच संपर्क और सुगम हो जाएगा।



विधायक अग्निमित्रा पाल ने कहा कि आज आसनसोल के लिए ऐतिहासिक दिन है। लंबे समय से प्रतीक्षित कुमारपुर ओवरब्रिज और बोकारो के लिए नई ट्रेन की सौगात देकर केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास के संकल्प को सिद्ध किया है। यह ओवरब्रिज न केवल यातायात की समस्या को खत्म करेगा बल्कि क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी गति देगा। हम रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव जी के प्रति आभारी हैं जिन्होंने इस क्षेत्र की जरूरतों को प्राथमिकता दी।" कुल्टी के विधायक डॉ. अजय पोद्दार ने भी इसे क्षेत्र के बुनियादी ढांचे के लिए एक मील का पत्थर बताया।

Post a Comment

0 Comments