आज से युवाओं के बैंक एकाउंट में आएगा 'युवासाथी' का 1500 रुपये बेरोजगारी भत्ता, CM ममता बनर्जी की बड़ी घोषणा

कोलकाता :- पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य के बेरोजगार युवाओं के लिए एक बड़ी राहत की घोषणा की है। धर्मतला स्थित मेट्रो चैनल पर आयोजित धरना मंच से मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि राज्य बजट में घोषित 'युवासाथी' योजना का पैसा शनिवार, 7 मार्च से ही लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंचना शुरू हो जाएगा। पहले इस योजना का लाभ अप्रैल महीने से मिलना तय था, लेकिन मुख्यमंत्री ने इसे समय से पहले लागू कर युवाओं को बड़ी सौगात दी है। आगामी 2026 के विधानसभा चुनावों के मद्देनजर ममता बनर्जी के इस कदम को राजनीतिक गलियारे में बेहद महत्वपूर्ण और मास्टरस्ट्रोक माना जा रहा है।

युवासाथी योजना के तहत पात्र बेरोजगार युवाओं को हर महीने 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खाते में दी जाएगी। इस योजना के लिए 21 से 40 वर्ष की आयु सीमा निर्धारित की गई है। हालांकि, सरकार ने स्पष्ट किया है कि जो लोग पहले से ही राज्य की किसी अन्य जनहितैषी योजना का लाभ ले रहे हैं, उन्हें इस योजना का हिस्सा नहीं बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि फिलहाल यह सहायता राशि अगले पांच वर्षों तक दी जाएगी और उसके बाद स्थिति की समीक्षा कर आगे का निर्णय लिया जाएगा। इस घोषणा से बंगाल के उन हजारों युवाओं में खुशी की लहर है जो रोजगार की तलाश में संघर्ष कर रहे हैं।

धरना मंच से मुख्यमंत्री ने केवल युवाओं की ही बात नहीं की, बल्कि केंद्र सरकार द्वारा रसोई गैस की कीमतों में की गई भारी बढ़ोतरी पर भी कड़ा प्रहार किया। मध्य पूर्व में जारी युद्ध के बीच 14.2 किलो वाले घरेलू सिलेंडर के दाम में 60 रुपये के इजाफे को लेकर ममता बनर्जी ने केंद्र को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि 879 रुपये का सिलेंडर अब 939 रुपये में मिलेगा, जो आम जनता की जेब पर सीधा हमला है। इसके अलावा, गैस बुकिंग के बीच 21 दिनों के अनिवार्य अंतराल के नए नियम को लेकर भी उन्होंने गहरी नाराजगी जताई। इसी के विरोध में मुख्यमंत्री ने रविवार को महिलाओं से काले कपड़े पहनकर और हाथ में चूल्हा-खुरपी (हत्था-खुंती) लेकर विरोध मार्च में शामिल होने का आह्वान किया है।

Post a Comment

0 Comments