कोलकाता :- पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की घोषणा के महज एक सप्ताह के भीतर निर्वाचन आयोग ने राज्य के विभिन्न हिस्सों से भारी मात्रा में अवैध नकदी, शराब और मादक पदार्थ जब्त किए हैं। आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, 16 मार्च से 22 मार्च के बीच कुल 181.31 करोड़ रुपये की संपत्ति और नकदी बरामद की गई है। इसमें 3 करोड़ रुपये की नकदी के साथ-साथ 111 करोड़ रुपये मूल्य का सोना और अन्य कीमती धातुएं शामिल हैं। सुरक्षा बलों और पुलिस की मुस्तैदी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इस दौरान 10.35 लाख लीटर से अधिक अवैध शराब (मूल्य ₹26.20 करोड़) और लगभग 2630 किलो मादक पदार्थ (मूल्य ₹27.95 करोड़) जब्त किए गए हैं। नाका चेकिंग के दौरान पुलिस ने 67 अवैध हथियार भी बरामद किए हैं। कूचबिहार के पातलाखावा इलाके में दो बसों से 5.8 किलो ड्रग्स और भारी मात्रा में नशीली गोलियां पकड़ी गईं। कानून-व्यवस्था के मोर्चे पर भी पुलिस सक्रिय है। उत्तर 24 परगना के बरानगर में दो राजनीतिक दलों के बीच हिंसक झड़प को फ्लाइंग स्क्वायड और केंद्रीय बलों ने समय रहते नियंत्रित किया। वहीं, कोलकाता के कालीघाट में एक निवासी को डराने-धमकाने के आरोप में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है।

0 Comments