आसनसोल :- राज्य के कानून व लोक निर्माण विभाग के मंत्री मलय घटक ने शनिवार को आसनसोल नगर निगम के 21 नंबर वार्ड में दो महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने नारियल फोड़कर निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत की। पहली परियोजना ज्योति नगर से कर्बला तक की है, जो आईसीबीपी (ICBP) तकनीक से बनाई जाएगी। इस सड़क के निर्माण पर 96 लाख रुपये से अधिक की लागत आने का अनुमान है। इस मौके पर मंत्री के साथ एमएमआईसी गुरदास चटर्जी, बोरो चेयरमैन अनिमेष दास, स्थानीय पार्षद श्रावणी मंडल और बड़ी संख्या में क्षेत्र के निवासी उपस्थित थे।
शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री मलय घटक ने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के कुशल नेतृत्व में पूरे पश्चिम बंगाल में विकास की गति अत्यंत तीव्र है। उन्होंने बताया कि आज 21 नंबर वार्ड में दो सड़कों का उद्घाटन हुआ है और बहुत जल्द एक तीसरी सड़क का काम भी शुरू कर दिया जाएगा। मंत्री ने जोर देकर कहा कि क्षेत्र का विकास केवल 'आमार पाड़ा आमार समाधान' या 'पथश्री' जैसी योजनाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि आसनसोल दुर्गापुर विकास प्राधिकरण (ADDA) और आसनसोल नगर निगम जैसी संस्थाएं भी निरंतर विकास कार्यों में जुटी हुई हैं। इस दौरान उन्होंने विपक्षी दल पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पूरे बंगाल और आसनसोल में हो रहा विकास भाजपा नेताओं को दिखाई नहीं दे रहा है क्योंकि उनकी आंखों में राजनीति का 'मोतियाबिंद' हो गया है।
इसी क्रम में मंत्री ने एक अन्य सड़क मरम्मत कार्य का भी उद्घाटन किया, जो आनंदम स्कूल से धधका मोड़ तक बनाई जाएगी। इस परियोजना पर लगभग 90 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इस दूसरे उद्घाटन कार्यक्रम में भी नगर निगम के आला अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। स्थानीय निवासियों ने इन सड़कों के निर्माण की शुरुआत पर खुशी जाहिर की है, क्योंकि लंबे समय से इन रास्तों की मरम्मत की मांग की जा रही थी।




0 Comments