विधानसभा चुनाव से पहले नाका चेकिंग के दौरान कार से 25 लाख रुपये बरामद

कोलकाता :- विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राज्य भर में कड़ी निगरानी के बीच इको पार्क थाना पुलिस ने शुक्रवार तड़के एक कार से 25 लाख रुपये की भारी नकदी जब्त की है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सिटी सेंटर-2 के पास नियमित नाका चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध कार को रोका गया। वाहन की सघन तलाशी लेने पर डिकी के भीतर कंबलों में लपेटकर रखे गए नोटों के बंडल बरामद हुए। कार चला रहे ठाकुर सुरजी अभेसांग नामक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। संतोषजनक जवाब न मिलने और नकदी से संबंधित वैध दस्तावेज पेश न कर पाने के कारण पुलिस ने पूरी राशि जब्त कर ली है। चुनाव आयोग के निर्देशानुसार, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए नाका चेकिंग और सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है ताकि चुनाव से पहले अवैध धन या हथियारों की आवाजाही रोकी जा सके। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इतनी बड़ी रकम कहां से लाई गई थी और इसका उद्देश्य क्या था।

Post a Comment

0 Comments