दुर्गापुर (राम बाबू यादव) :- पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर बरती जा रही सतर्कता के बीच आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। मंगलवार को कोक ओवन थाना क्षेत्र के अंतर्गत डीवीसी मोड़ नाका पॉइंट पर चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने एक कार से 4,00,000 (चार लाख) रुपये नकद बरामद किए। बरामद की गई इस बड़ी राशि के संबंध में कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं किए जाने के कारण पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए इसे जब्त कर लिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह राशि बीरभूम जिले के निवासी बुरहान शेख के पास से मिली है। चुनाव आयोग के निर्देशों का पालन करते हुए पुलिस हर आने-जाने वाले वाहन की बारीकी से तलाशी ले रही है, ताकि चुनाव के दौरान धनबल के अवैध प्रयोग को रोका जा सके। इस मामले में कोक ओवन थाने में जनरल डायरी (GDE No – 1290, दिनांक 31.03.26) दर्ज की गई है। फिलहाल पुलिस बुरहान शेख से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इतनी बड़ी रकम कहां से लाई गई थी और इसका उद्देश्य क्या था। इस घटना के बाद क्षेत्र के अन्य नाका पॉइंट्स पर भी निगरानी और कड़ी कर दी गई है।

0 Comments