कोलकाता :- मिडिल ईस्ट में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और युद्ध की आहट ने भारतीय रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। तेल विपणन कंपनियों ने आम आदमी को महंगाई का बड़ा झटका देते हुए घरेलू रसोई गैस (LPG) और कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में भारी बढ़ोतरी कर दी है। नई दरों के मुताबिक, 14.2 किलो वाले घरेलू सिलेंडर के दाम में 60 रुपये का इजाफा किया गया है, जबकि 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में 115 रुपये तक की वृद्धि की गई है। तेल कंपनियों ने इन संशोधित कीमतों को अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर अपडेट कर दिया है और ये तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं।
इस बढ़ोतरी के बाद देश की राजधानी दिल्ली में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत 853 रुपये से बढ़कर 913 रुपये के स्तर पर पहुंच गई है। वहीं, कोलकाता में अब ग्राहकों को एक सिलेंडर के लिए 939 रुपये और चेन्नई में 928.50 रुपये चुकाने होंगे। कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में हुई वृद्धि का सीधा असर होटल, रेस्टोरेंट और छोटे व्यापारियों पर पड़ेगा, जिससे बाहर खाना-पीना भी महंगा होने की आशंका जताई जा रही है। गौरतलब है कि कमर्शियल गैस के दाम महज पांच दिन पहले भी बढ़ाए गए थे, लेकिन इस बार घरेलू गैस की कीमतों में भी बड़ी बढ़ोतरी कर उपभोक्ताओं की मुश्किलें बढ़ा दी गई हैं।
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के कारण वैश्विक स्तर पर ऊर्जा आपूर्ति शृंखला प्रभावित हुई है। विशेष रूप से हॉर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) के रास्ते होने वाला तेल और गैस का निर्यात बाधित होने की वजह से अंतरराष्ट्रीय कीमतों में उछाल आया है। हालांकि, इस बीच पेट्रोलियम मंत्रालय ने जनता को आश्वस्त करते हुए कहा है कि देश में ऊर्जा का कोई संकट नहीं है और भारत के पास विभिन्न स्रोतों से पर्याप्त भंडार मौजूद है। मंत्रालय के अनुसार, रूस ने भारत को आवश्यक ईंधन आपूर्ति का भरोसा दिया है और अमेरिका ने भी शर्तों के साथ रूस से तेल आयात की निरंतरता पर सहमति जताई है।

.jpeg)
0 Comments