विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण के लिए अधिसूचना जारी, पश्चिम बर्दवान की 9 सीटों पर नामांकन प्रक्रिया शुरू

​आसनसोल/दुर्गापुर :- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के रण का शंखनाद हो गया है। चुनाव आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, सोमवार (30 मार्च) को प्रथम चरण के मतदान के लिए आधिकारिक अधिसूचना (गजट नोटिफिकेशन) जारी कर दी गई है। अधिसूचना जारी होने के साथ ही उम्मीदवारों द्वारा नामांकन पत्र दाखिल करने का काम भी शुरू हो गया है। जानकारी के मुताबिक, पहले चरण में कुल 152 विधानसभा सीटों पर चुनाव होना है, जिसके लिए नामांकन की अंतिम तिथि 6 अप्रैल तय की गई है।



​पश्चिम बर्दवान जिले की सभी 9 विधानसभा सीटों पर भी पहले चरण के तहत ही मतदान होना है। जिला प्रशासन ने नामांकन प्रक्रिया के लिए तीन प्रमुख केंद्र निर्धारित किए हैं। आसानसोल के कल्याणपुर स्थित जिलाधिकारी (DM) कार्यालय में आसानसोल दक्षिण, कुल्टी, बाराबनी और जामुड़िया विधानसभा क्षेत्रों के नामांकन स्वीकार किए जाएंगे। वहीं, आसानसोल उत्तर सीट के लिए उप-जिलाधिकारी (SDO सदर) कार्यालय में नामांकन दाखिल होंगे। इसके अलावा, रानीगंज, पांडवेश्वर, दुर्गापुर पूर्व और दुर्गापुर पश्चिम सीटों के लिए दुर्गापुर SDO कार्यालय में प्रक्रिया संपन्न होगी।

​पहले चरण के लिए नामांकन पत्रों की जांच (Scrutiny) 7 अप्रैल को की जाएगी, जबकि नाम वापसी की अंतिम तिथि 9 अप्रैल निर्धारित है। इस चरण के लिए मतदान 23 अप्रैल को होगा। प्रशासन ने नामांकन केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं ताकि पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

Post a Comment

0 Comments