विधानसभा चुनाव को लेकर ADPC मुख्यालय में DM और CP ने की उच्चस्तरीय बैठक

आसनसोल :- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में सोमवार को आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट (ADPC) के मुख्यालय में एक महत्वपूर्ण संयुक्त ब्रीफिंग एवं संवाद सत्र का आयोजन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता आसनसोल-दुर्गापुर के पुलिस आयुक्त डॉ प्रणव कुमार और पश्चिम बर्दवान जिले के डीएम एस पन्नाबलम ने संयुक्त रूप से की। बैठक में जिला सीएपीएफ (CAPF) बल समन्वयक, जिले में तैनात केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की विभिन्न कंपनियों के कमांडरों और अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने शिरकत की। सत्र का मुख्य उद्देश्य चुनाव के दौरान केंद्रीय बलों की तैनाती, उनके प्रभावी उपयोग और स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय स्थापित करना था। जिला मजिस्ट्रेट और पुलिस आयुक्त ने आगामी मतदान के मद्देनजर सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की और संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए सीएपीएफ का रणनीतिक उपयोग किया जाएगा, ताकि मतदाता बिना किसी भय के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

Post a Comment

0 Comments