अंडाल :- अंडाल थाना क्षेत्र के चंचनी के श्याम सुंदरपुर नाका चेकिंग पॉइंट के पास एक चलती कार में भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि कार चालक परशुराम जेसवारा समय रहते वाहन से बाहर निकल आए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार, चालक पांचगाछिया से भोज खाकर झांझरा एमआईसी (MIC) में अपनी ड्यूटी पर जा रहे थे। रास्ते में एक पेट्रोल पंप पार करने के बाद उन्हें जलने की गंध आई, जिसके बाद उन्होंने तुरंत कार सड़क किनारे खड़ी कर दी।
देखते ही देखते कार के इंजन से धुआं निकलने लगा और वाहन आग की लपटों से घिर गया। नाका चेकिंग पर तैनात पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने तुरंत मिट्टी और पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही उखड़ा चौकी और लाउदोहा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनजर यातायात नियंत्रित किया। प्राथमिक अनुमान के अनुसार, आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या यांत्रिक खराबी हो सकता है। इस घटना के कारण सड़क पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति बनी रही।


0 Comments