Asansol में दीवार लेखन को लेकर आमने-सामने आए BJP और TMC समर्थक, पुलिस ने संभाली स्थिति

आसनसोल :- पश्चिम बंगाल में चुनावी बिगुल बजते ही राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं, जिसके साथ ही विभिन्न दलों के बीच खींचतान की खबरें भी सामने आने लगी हैं। ताजा मामला आसनसोल के हिरापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बर्नपुर रोड स्थित डोली लॉज इलाके का है, जहाँ दीवार लेखन को लेकर भारतीय जनता पार्टी और तृणमूल कांग्रेस के समर्थकों के बीच जमकर हंगामा हुआ। इस विवाद के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया, जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।


घटना के संदर्भ में भारतीय जनता पार्टी का आरोप है कि वे आसनसोल उत्तर विधानसभा सीट से पार्टी के उम्मीदवार कृष्णेंदु मुखर्जी के समर्थन में दीवार लेखन का कार्य कर रहे थे, तभी तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने वहां पहुँचकर काम रुकवा दिया और बाधा डाली। दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए दावा किया कि जिस दीवार पर बीजेपी लेखन कर रही थी, उसे टीएमसी द्वारा पहले ही बुक किया जा चुका था।

विवाद की सूचना मिलते ही हिरापुर थाने की पुलिस बल मौके पर पहुँची और दोनों पक्षों को शांत कराने की कोशिश की। देखते ही देखते मौके पर दोनों दलों के कार्यकर्ताओं और समर्थकों का भारी जमावड़ा लग गया, जिससे स्थिति संवेदनशील हो गई। इसी बीच बीजेपी उम्मीदवार कृष्णेंदु मुखर्जी भी घटनास्थल पर पहुँचे, जहाँ उनकी टीएमसी कार्यकर्ताओं के साथ तीखी नोंकझोंक और कहासुनी हुई। BJP प्रत्याशी कृष्णेन्दू मुखर्जी ने स्पष्ट किया कि दीवार पर लेखन मकान मालिक की लिखित अनुमति के बाद ही शुरू किया गया था और टीएमसी सत्ता के बल पर उन्हें रोकने का प्रयास कर रही है।


इस पूरे घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए TMC पार्षद मौसुमी बसु ने कहा कि बीजेपी जानबूझकर विवाद पैदा करने की कोशिश कर रही है, जबकि वह जगह पहले से ही हमारे प्रचार के लिए तय थी। वहीं, बीजेपी उम्मीदवार कृष्णेंदु मुखर्जी ने इसे लोकतंत्र पर हमला बताते हुए कहा कि वे कानूनी रूप से अपना प्रचार जारी रखेंगे और इस तरह की धमकियों से पीछे नहीं हटेंगे। फिलहाल पुलिस की मौजूदगी के कारण स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन इलाके में भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।

Post a Comment

0 Comments